रूद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले की पुलभट्टा पुलिस और कुमाऊं की एसटीएफ ने तीन कुंतल डोडा और पांच किलोग्राम से अधिक अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी झारखंड के रांची से इसे तस्करी कर ला रहे थे। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुमाऊं एसटीएफ को बड़ी मात्रा में डोडा और अफीम की तस्करी की सूचना मिली। इसके बाद एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरूवार को बरेली रोड पर नेशनल ढाबा के पास अपना जाल बिछा लिया। इसी बीच कैंटर संख्या यूपी 22 एटी 4822 को रोका गया और उसकी जांच की गयी तो उसमें कागज के कबाड़ के नीचे 20 बोरों में डोडा और अफीम छिपा कर रखी गयी थी। पुलिस तस्कर बलाका सिंह निवासी डलपुरा, पो0 गुलरभोज, गदरपुर, ऊधम सिंह नगर और उसके सहयोगी लवजीत सिंह निवासी गोलू टांडा, थाना स्वार, रामपुर, उप्र को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। बरामद डोडा की कीमत एक करोड़ रूपये से अधिक आंकी गयी है।

दोनों के खिलाफ पुलभट्टा थाना में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि घटना में प्रयुक्त कैंटर बलाका सिंह का साला नागेन्द्र सिंह निवासी भगवंत नगर, स्वार, रामपुर, उप्र का है। वह बरामद माल को झारखंड के रांची तस्करी कर लाये हैं। यही नहीं वह इसी कैंटर से दो बार पहले भी दो बार झारखंड से दो बार डोडा की तस्करी कर चुके हैं। बरामद माल को वह बाजपुर क्षेत्र में बेचने के लिये ले जा रहे थे। पुलिस नागेन्द्र सिंह की भूमिका की जांच में जुट गयी है। टैंकर को सीज कर दिया गया है। आम चुनाव से पहले पुलिस की यह बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। एसएसपी ने पकड़ने वाली पुलिस टीम को 2000 रूपये का इनाम घोषित किया है।






