हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ों की कटाई और छटाई का कार्य 26 नवंबर, 2024 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान यातायात और विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रशासन द्वारा यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, ताकि वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों की सुविधा दी जा सके। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए नारीमन तिराहा से रेलवे स्टेशन काठगोदाम तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन गोला बाईपास रोड का उपयोग करेंगे। वहीं, हल्द्वानी शहर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को शनि बाजार, ताज चौराहा, एसडीएम कोर्ट तिराहा और तिकोनिया चौराहा जैसे मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। रामपुर रोड और बरेली रोड से आने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर, तीनपानी तिराहा और गोला बाईपास रोड से जाने का निर्देश दिया गया है। रोडवेज और केमू बसों को भी ताज चौराहा और गोलापुल के रास्ते गंतव्य तक भेजा जाएगा।
इसके साथ ही पेड़ों की कटाई और बिजली लाइनों की सुरक्षा के लिए गार्डिंग का कार्य भी किया जाएगा, जिसके कारण विभिन्न इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में सुभाष नगर, रानीबाग, नारीमन चौराहा, बद्रीपुरा, रेलवे कॉलोनी और टीपी नगर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बिजली सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आंशिक या पूर्ण रूप से बाधित रहेगी। प्रशासन और विद्युत विभाग ने नागरिकों से इस असुविधा के लिए सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि ये कार्य जनता की सुरक्षा और सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक हैं। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए स्थानीय विद्युत विभाग और ट्रैफिक कंट्रोल कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।






