रामनगर। उत्तराखंड के जनपद नैनीताल के रामनगर में सड़क किनारे शराब पी रहे तीन व्यक्तियों पर बाघ ने हमला कर दिया, जिसमें बाघ एक व्यक्ति को अपने साथ जंगल की ओर ले गया। जिसके बाद मौके पर पहुँची पुलिस व वन विभाग टीम ने तलाशी के लिए अभियान चलाया, जिसमें व्यक्ति का शव घटना स्थल के पास जंगल की ओर से बरामद किया गया।
नैनीताल पुलिस उप निरीक्षक कश्मीर सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर शाम तीन व्यक्ति पनोद नाले के पास शराब पी रहे थे, ऐसे बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें बाघ एक व्यक्ति नफीस उम्र 25 वर्ष पुत्र अब्दुल रशीद निवासी नॉर्मल स्कूल के पास खताड़ी को अपने साथ जंगल की ओर ले गया।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस व वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से व्यक्ति की तलाशी के लिए अभियान चलाया। जिसमें आज रविवार को घटना स्थल से करीब 500 मीटर अंदर जंगल की ओर से व्यक्ति का शव बरामद किया गया। जिसे कब्ज़े में लेकर पंचनामा भरकर पोस्मार्टम के लिए तथा अंतिम संस्कार भी करा दिया गया है।






