देहरादून। देहरादून के नटराज चौक फ्लाईओवर के पास शनिवार रात एक ट्रक ने कहर बरपाया। ट्रक संख्या UK14CA 3234, जो मुख्य सड़क पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था, अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े वाहनों और वहां मौजूद तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान दो व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया।
रविवार सुबह, तीसरे घायल ने भी एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। इस हादसे ने परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। मृतकों की पहचान गुरजीत सिंह (36), त्रिवेंद्र पंवार (71) और जतिन (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और चालक विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। चालक विजय कुमार, जो रुद्रप्रयाग जिले के अगस्तमुनि क्षेत्र का निवासी है, के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।






