- मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर हुई सख्त कार्रवाई, पारदर्शी और जवाबदेह शासन की दिशा में सरकार का स्पष्ट संदेश
देहरादून/चमोली। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के क्षतिग्रस्त होने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए लोक निर्माण विभाग के तीन इंजीनियरों को निलंबित करने के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पांडे ने संबंधित अभियंताओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और लापरवाही के प्रति बिल्कुल भी सहनशील नहीं है। शासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह कार्रवाई एक निर्णायक कदम है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जा रही है और जो भी अधिकारी या कर्मचारी जनहित के कार्यों में लापरवाही करेगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने दायित्वों को ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में लाना है, जिसके लिए शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। थराली में पुल टूटने की घटना ने न केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए, बल्कि स्थानीय जनता की सुरक्षा और सुविधा को भी गंभीर रूप से प्रभावित किया। इस प्रकरण में की गई त्वरित कार्रवाई यह दर्शाती है कि राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कड़ी निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।








