हल्द्वानी। पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने घटना की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 के तहत नगर मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेयी को मजिस्ट्रियल जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 15 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने आदेश में स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान दुर्घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जाए तथा यह भी देखा जाए कि कहीं किसी पक्ष की लापरवाही या यातायात नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएं। पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि जांच अधिकारी को सीसीटीवी फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी साक्ष्य तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।

मजिस्ट्रियल जांच के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेयी ने आम जनता से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी या साक्ष्य हो तो 15 दिन के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराएं। दुर्घटना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पंचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान ट्रेंचलेस तकनीक अपनाते हुए जहां भी गड्ढे बनाए जाएं वहां सड़क को ट्रैफिक संचालन के लिए चौड़ा किया जाए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से भी कार्यों की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विजय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






