देहरादून। शहर में फैंसी वाहन नंबरों को लेकर हुए ऑक्शन में इस बार जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां खास नंबरों के लिए बोली लगाने वालों में उत्साह साफ नजर आया। सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बना नंबर UK07 HK 0001, जिसे रिकॉर्ड बोली के साथ खरीदा गया। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि फैंसी नंबरों की नीलामी में UK07 HK 0001 को पद्मनाभ हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड ने 9 लाख 26 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर अपने नाम किया, जो इस ऑक्शन का सबसे महंगा नंबर रहा।


इसके अलावा UK07 HK 0006 को अमित सचदेवा ने 3 लाख 65 हजार रुपये में हासिल किया, जबकि UK07 HK 0005 को शमशेर सिंह ने 2 लाख 12 हजार रुपये में अपने नाम किया। फैंसी नंबरों की इस नीलामी में लोगों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा यह दर्शाती है कि विशेष नंबरों के प्रति वाहन मालिकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। आरटीओ प्रशासन के अनुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई और भविष्य में भी इसी प्रकार की नीलामी जारी रहेगी।






