हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सड़क दुर्घटना में मृतक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार 3 मार्च को बरेली रोड हल्द्वानी निवासी गोपाल सिंह बिष्ट ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 28 फरवरी को उनके मृतक पुत्र के वाहन से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी कर ली गई थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। गठित टीम ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए 5 मार्च को चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मौहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना (26 वर्ष) पुत्र साहिद मलिक निवासी गौजाजाली थाना बनभूलपुरा तथा मौहम्मद सैफ अली (29 वर्ष) पुत्र खुर्शीद अहमद निवासी इन्द्रानगर थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन और पीली धातु की सोने की अंगूठी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 315 और 3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई है।











