हल्द्वानी। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में मारपीट और युवती से अभद्रता का मामला सामने आया है। जवाहर नगर निवासी शकील अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके ही मोहल्ले का रहने वाला सद्दाम उर्फ समीर पुत्र ताहिर हुसैन अक्सर लोगों से झगड़ा करता रहता है और पूर्व में भी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर चुका है। उस समय मोहल्ले के लोगों की मध्यस्थता से मामला सुलझा लिया गया था। पीड़ित के अनुसार 14 मार्च को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी पुत्री के साथ हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे थे।

इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने उनकी पुत्री के साथ अभद्रता करते हुए अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म की धमकी भी दी। मारपीट में शकील अहमद के सिर में चोट आई है, जिसका मेडिकल भी कराया गया है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि आरोपी के व्यवहार से उनका परिवार भयभीत है और भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने बनभूलपुरा कोतवाली में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने कहा कि, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, और मामले की जांच की जा रही है।





