हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी के पार्षदों की प्रमुख और जमीनी समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन ने एक अहम पहल की है। जिलाधिकारी वंदना द्वारा 1 अगस्त से तीन चरणों में विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर निगम के सभी 60 वार्डों के पार्षदों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना जाएगा और समाधान के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम के एसएनए गणेश भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष कैंप हल्द्वानी स्थित जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में आयोजित होगा।
शुक्रवार को वार्ड 1 से 20 तक, शनिवार को वार्ड 21 से 40 तक और रविवार को वार्ड 41 से 60 तक के पार्षदों की शिकायतें सुनी जाएंगी। बैठक का समय शुक्रवार को दोपहर 2:30 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि शनिवार और रविवार को बैठकें दोपहर 12:00 बजे से आयोजित होंगी। प्रशासन द्वारा पार्षदों से अपेक्षा की गई है कि वे अपनी प्रमुख समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष सीधे तौर पर रखें, जबकि छोटी और स्थानीय स्तर की समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करें, ताकि उनका क्रमबद्ध निराकरण किया जा सके।






