नैनीताल। सोमवार को नैनीताल क्लब के शैले हॉल में जिला पंचायत नैनीताल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सर्वप्रथम अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दर्मवाल और उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने जिला पंचायत के सभी निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने नंदा अष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला पंचायत नैनीताल को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले के विकास में आम जनता की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी और हर स्तर पर पारदर्शिता के साथ काम होगा। वहीं उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा और हर समस्या का समाधान मिल-जुलकर किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने जानकारी दी कि जिला पंचायत की प्रथम बैठक छह सितंबर को नैनीताल क्लब के सभागार में सुबह 11 बजे से आयोजित होगी। समारोह का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।








