हल्द्वानी। बरेली रोड क्षेत्र में बीती रात हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को नैनीताल पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सुलझा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी और छोटे भाई की बीमारी से तनाव में आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के दौरान लौटे से वार कर अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी संदीप जायसवाल अपने परिजनों के घर पहुंचा और वहां छोटे भाई सोनू जायसवाल के साथ मारपीट करने लगा। बीच-बचाव की कोशिश करने पर आरोपी ने परिवार को धमकाया और हमला जारी रखा। गंभीर चोट लगने के बाद सोनू जायसवाल को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर वादी अंकित जायसवाल की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित की गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने त्वरित सुरागरसी-पतारसी के बाद आरोपी संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल, निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड हल्द्वानी को एक 32 बोर रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोटा भी बरामद किया है। अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था। उसका कहना है कि छोटे भाई की तबीयत लंबे समय से खराब थी और इलाज में आ रही आर्थिक परेशानी के चलते वह तनाव में था। इसी दौरान शराब पीकर उसने गुस्से में आकर मारपीट की, जिससे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।






