उत्तराखंड के राजकीय आईटीआई में प्रवेश की तिथि बढ़ी, अब 30 सितंबर तक मिलेगा अवसर

देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड के राजकीय आईटीआई में दाखिले की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 सितंबर 2025 कर दिया गया है, जिससे अब इच्छुक छात्र-छात्राओं को प्रवेश का अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा। राजकीय आईटीआई बेतालघाट, नैनीताल में कार्यरत उप-नोडल अधिकारी (प्रवेश) कुमाऊं मंडल, राजेंद्र पांडे ने जानकारी दी कि चयनित प्रशिक्षार्थियों को ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (DST) के अंतर्गत दो साल की अवधि में एक वर्ष आईटीआई में और दूसरा वर्ष चयनित कंपनियों में प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

Advertisement

उन्होंने बताया कि हर वर्ष राज्य के आईटीआई संस्थानों में रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें प्रशिक्षार्थियों को सीधे संस्थान परिसर से ही अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसर मिलते हैं। इसके अलावा, पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समय-समय पर जिला उद्योग केंद्र और बैंकों के अधिकारियों को आमंत्रित कर स्वरोजगार हेतु ऋण योजनाओं की जानकारी भी दी जाती है। प्रशासन ने अपील की है कि जिन छात्र-छात्राओं का अब तक चयन नहीं हो पाया है या जो प्रवेश से वंचित रह गए हैं, वे अपने नजदीकी आईटीआई में जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त करें और 30 सितंबर से पहले आवेदन अवश्य करें।

Read more

Local News