श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, हजारों श्रद्धालुओं ने छका लंगर

  • रामलीला मैदान स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सजा विशेष कीर्तन दीवान
  • कथा-कीर्तन से संगत हुई निहाल
  • प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का दिया संदेश

हल्द्वानी। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को रामलीला मैदान स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए, जिसमें प्रसिद्ध रागियों, ज्ञानी और प्रचारकों ने कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा परिसर ‘सतगुरु नानक प्रगट्या, मिटि धुंध जग चानण होया’ के जयकारों से गूंज उठा। दोपहर से आयोजित विशाल लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे कथावाचक भाई लखविंदर सिंह कैथल वाले ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। वहीं बीबी प्रभलीन कौर दिल्ली और भाई गुरप्रीत सिंह मुक्तसर, पंजाब ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। 

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, हजारों श्रद्धालुओं ने छका लंगर

इसके बाद हेड ग्रंथी भाई जगमीत सिंह ने विश्व कल्याण और सभी की सुख-समृद्धि के लिए अरदास की। दोपहर 12 बजे से विशाल लंगर का आयोजन किया गया। रात्रि में भी विशेष दीवान सजाए गए। गुरुद्वारा कमेटी के मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद (बंटी), महासचिव कंवलजीत सिंह (शेरू) और प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने समाज को प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी प्रमुख शिक्षाएं ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और मिल-बांटकर खाने की प्रेरणा देती हैं। गुरु साहिब ने जाति-पाति और धार्मिक भेदभाव का विरोध कर मानवता को सर्वोपरि बताया। उन्होंने लंगर की परंपरा के माध्यम से भी समानता और सेवा का संदेश दिया। 

Advertisement

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, हजारों श्रद्धालुओं ने छका लंगर

प्रकाश पर्व पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कांग्रेस नेता ललित जोशी, शहरी विकास प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह देओल, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्य शर्मा, नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, आरटीओ प्रशासन डॉ. गुरदेव सिंह, एसपी सिटी हरबंस सिंह, दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, राज्य आंदोलनकारी निर्माण परिषद के अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर, प्रदीप बिष्ट और कृष्णा हॉस्पिटल के डॉ. हरभजन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गुरुद्वारे में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में निडर खालसा ग्रुप, रामपुर रोड सिख सेवक जत्था, निर्भय खालसा, हल्द्वानी सिख फेडरेशन, हल्द्वानी सिख यूथ, अकाल पूरक की फौज, सुखमणि सोसाइटी और सिख मिशनरी कॉलेज सहित विभिन्न संस्थाओं ने सहयोग किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवादार और श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रबंधक कमेटी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों और संस्थाओं का आभार जताया।

Read more

Local News