- दून पुलिस ने फरार आरोपी को नैनीताल से गिरफ्तार किया
देहरादून। चकराता थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर नाबालिग युवती के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने और उसे जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को नैनीताल से गिरफ्तार कर लिया। 13 अप्रैल को पीड़िता के भाई ने चकराता थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि मंझगाँव निवासी और राजकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पियाराम जोशी पुत्र रूपराम जोशी ने उसकी नाबालिग बहन के साथ जबरदस्ती की और उसे डरा-धमकाकर चुप रहने को कहा।
इस घटना के बाद पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और उसने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीमें गठित कीं। आरोपी शिक्षक घटना के बाद से फरार था, लेकिन पुलिस की सतर्क निगरानी और मुखबिरों की मदद से उसे नैनीताल बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कालसी दीपक धारीवाल, चकराता थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर नौटियाल, एसओजी शामिल रहे।






