हल्द्वानी। नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सुनसान रास्ते पर वाहन मोड़कर महिला से बदसलूकी की और उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार दिल्ली से आई महिला पर्यटक देहरादून होते हुए हल्द्वानी पहुंची थी और वहां से काठगोदाम से टैक्सी लेकर नैनीताल के लिए रवाना हुई। देर रात करीब डेढ़ बजे काठगोदाम से नैनीताल जाते समय वल्दियाखान के पास चालक ने टैक्सी को नैनीताल के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया।

महिला के विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ मारपीट की, दुष्कर्म का प्रयास किया और मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाना तल्लीताल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या और जीपीएस सिस्टम की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार UK04TB 5500 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसएसपी ने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









