हल्द्वानी। मानसून सत्र से लौटने के बाद कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हुई अराजकता और विधानसभा सत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश ने लोकतंत्र को कलंकित किया है। सुमित हृदयेश ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा की गई गुंडई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। “उत्तराखंड को बिहार बनाने का सपना देखने वाली भाजपा को प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता से बेदखल कर लोकतंत्र और शांति का पाठ पढ़ाएगी,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस विधायक ने भाजपा पर “वोटों की डकैती” का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले पंचायत चुनाव में लोकतंत्र की हत्या की गई और फिर विधानसभा सत्र को डेढ़ दिन में स्थगित कर विपक्ष के सवालों से बचने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायकों के साथ बदसलूकी, मारपीट और जनता के मुद्दों पर चर्चा न होने के कारण विपक्ष को सदन के भीतर ही धरना देने पर मजबूर होना पड़ा, जो भाजपा सरकार की तानाशाही का प्रमाण है। हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही जनता के साथ सड़कों पर उतरकर एक बड़े जनांदोलन की शुरुआत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि को लोकतांत्रिक मूल्यों से भटकने नहीं दिया जाएगा और जनता भाजपा के खिलाफ लामबंद हो रही है। प्रेसवार्ता में विधायक ने सरदार सतनाम सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त करने की घोषणा की।












