- सैकड़ों लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श
हल्द्वानी। फर्नीचर मार्केट, किदवई नगर में अंजुमन सिद्दीकीयान के तत्वावधान में मेडी सेंटर हॉस्पिटल, चंदन हॉस्पिटल एवं ज्योति नेत्रालय के संयुक्त सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में एमबीबीएस और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर नि:शुल्क परामर्श दिया। इस दौरान शुगर और बीपी जांच, दवाओं का वितरण और आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चंदन हॉस्पिटल की ओर से लगाए गए विशेष कैनोपी में लगभग 150 लोगों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में विभिन्न जांचों और उपचारों में लाभ मिलेगा।



करीब 250 से अधिक लोगों ने शिविर का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त किया। शिविर में डा० मो. राशिद, डा० एस.एन. उस्मानी और डा० राखी रानी ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं दीं। अंजुमन सिद्दीकीयान के अध्यक्ष राशिद गुड्डू और जनलर सेकेट्री उज़ैर फिरोज़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में समिति के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।








