नैनीताल। सुरक्षा के मद्देनज़र नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस द्वारा उत्तराखंड उच्च न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसएसपी ने सभी सुरक्षा मापदंडों को पुख्ता करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों द्वारा परिसर में लगातार एंटी सबोटाज चेकिंग और फ्रिस्किंग की जा रही है तथा आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान सभी प्रवेश द्वारों और बैरियरों पर तैनात पुलिस व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया गया और न्यायालय में प्रवेश करने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए श्रेणीवार व्यवस्था को और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सुरक्षा ऑडिट टीम को हाईकोर्ट की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उन्नत सुरक्षा योजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिसे शासन स्तर पर भेजा जाएगा। साथ ही एक प्रभावी सीसीटीवी ग्रिड तैयार कर कैमरों की बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और सुरक्षा में तैनात पुलिस बल, क्यूआरटी, वायरलेस, फायर और बीडीएस टीमों की तैनाती का भी विस्तृत मूल्यांकन किया गया। गोष्ठी में डॉ. जगदीश चंद्र सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।







