देहरादून। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) पंकज श्रीवास्तव ने किया। प्रवर्तन टीम ने विभिन्न विद्यालयों की बसों और वैन की सघन जांच करते हुए फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी, स्पीड गवर्नर तथा चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बैज की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसके चलते उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान में कुल 170 चालान किए गए, जिनमें 36 चालान सीधे स्कूल बसों और वैन से संबंधित रहे, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 22 स्कूल वाहनों को सीज किया गया। यह विशेष चेकिंग अभियान आशारोड़ी, आईएसबीटी, रिस्पना पुल, कुआंवाला, नेहरू कॉलोनी, सहस्त्रधारा रोड और प्रेम नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया। अधिकारियों ने वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों, परमिट शर्तों और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। परिवहन विभाग ने दोहराया कि विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत और मानकानुसार सुरक्षित स्कूल वाहनों का ही उपयोग करें, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।








