हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के रुद्रपुर और खटीमा दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में पूरे कुमाऊँ संभाग में परिवहन विभाग ने बड़े स्तर पर प्रवर्तन अभियान चलाते हुए अनधिकृत रूप से संचालित डंपरों और मालवाहनों पर कड़ा शिकंजा कस दिया। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए गए इस विशेष अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहनों के चालान किए गए और कई वाहनों को सीज किया गया। उत्तराखण्ड के हल्द्वानी, रुद्रपुर, खटीमा, काशीपुर, टनकपुर और रामनगर क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में विशेष रूप से मालवाहनों और डंपरों की जांच की गई। अधिकारियों ने ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और बिना ढके खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखते हुए मौके पर ही कार्रवाई की।
16 फरवरी को चले इस व्यापक अभियान के दौरान कुल 254 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 30 वाहनों को विभिन्न थाना चौकियों और परिवहन कार्यालयों में निरुद्ध किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो भी वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों को अनिवार्य रूप से ढककर चलाने के निर्देश दिए गए हैं। आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अरविंद पाण्डे के निर्देशों पर पूरे संभाग में चलाए गए इस अभियान में विभिन्न क्षेत्रों में एआरटीओ अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें सक्रिय रहीं और अनधिकृत रूप से संचालित डंपरों, ट्रैक्टरों तथा अन्य मालवाहनों पर विशेष फोकस रखा गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।







