- मुख्यमंत्री ने देहरादून से गौचर और चिन्यालीसौड़ के लिए एयरक्राफ्ट सेवा की मंजूरी दी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि देहरादून से गौचर और चिन्यालीसौड़ के लिए फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सेवा जल्द शुरू की जाए। इसके संचालन के लिए निविदा और अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेषज्ञों की समिति गठित करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है, और इसके समाधान के लिए सुरक्षात्मक उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम हेतु सड़क दुर्घटना सुरक्षा नियमावली बनाने की दिशा में जल्द कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने शराब की दुकानों और बार की समयबद्ध निगरानी की भी बात की और कहा कि इन दुकानों को निर्धारित समय तक ही खोला जाए। रात्रि गश्त के दौरान एल्कोमीटर से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच की जाए, और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने जन सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिर्देशक ए.पी. अशुंमान और उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी भी उपस्थित थे।






