रुद्रपुर। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के बीच ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत मांगने के आरोप में एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई को सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ा संदेश माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त नीति के अनुरूप वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस अनवर अहमद के खिलाफ यह कार्रवाई की है। आरोप है कि 24 फरवरी को विद्युत अधिनियम से जुड़े एक मामले में अभियुक्त से पैसे की मांग की गई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया गया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि आमजन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है।








