- कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, कहा— गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने काशीपुर में क्षतिग्रस्त हुए रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के मरम्मत कार्य की प्रगति को लेकर गुरुवार को नैनीताल मुख्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग और संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने ब्रिज के शीघ्र सुधार कार्य की जरूरत पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कार्य में कोई लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 56 करोड़ की लागत से निर्मित इस आरओबी का निर्माण दो लेन परियोजना के तहत किया गया था। अधिशासी अभियंता (एनएच) प्रवीण कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद चार वर्षों तक इसके रखरखाव की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार की है, जिसके तहत मरम्मत कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुल को दुरुस्त करने के लिए गहन जांच के बाद आवश्यक सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है।

मरम्मत कार्य के तहत पुल के बीच वाले गार्डर से एक किनारे तक पूरी चौड़ाई में लोहे का जाल लगाया जाएगा, जिसमें 16 एमएम और 12 एमएम के सरिए उपयोग किए जाएंगे। इसके अलावा, कंक्रीट बांडिंग को मजबूत बनाने के लिए अत्याधुनिक कैमिकल का भी प्रयोग किया जाएगा। वर्तमान में पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है, ताकि मरम्मत कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य तय समय सीमा में पूरा हो और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने पुल के आस-पास आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए, जिनमें वाहन भार क्षमता संबंधी जानकारी अंकित हो, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, ठेकेदार और परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।









