देहरादून। राजधानी के डालनवाला क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई, जुटाए गए साक्ष्यों और जांच की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए। आईजी ने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके लिए विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी संसाधनों, सर्विलांस और अन्य विधिक उपायों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में देहरादून जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों की बैठक भी बुलाई गई। बैठक में हाल के दिनों में घटित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए त्वरित अनावरण और प्रभावी रोकथाम पर जोर दिया गया।

आईजी ने निर्देश दिए कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय उपस्थिति बनाए रखें, नियमित भ्रमण करें और अधीनस्थ थाना-चौकी प्रभारियों को कानून व्यवस्था के प्रति सतर्क रखें। उन्होंने विवादित और संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने, संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन व आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाने तथा आपसी रंजिश व भूमि विवाद जैसे मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अफवाहों पर नियंत्रण रखने और साइबर मॉनिटरिंग को मजबूत करने की बात भी कही गई। आईजी ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर साइबर अपराध व सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटना दोहराई जाती है तो संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।







