- आयुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी के सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
- रेहड़ीवालों का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, आयुक्त ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी। गुरुवार को आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने हल्द्वानी में चल रहे सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यान और कृषि विभाग द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे बेलदार पौधों की प्रगति की समीक्षा की और सरस मार्केट सड़क चौड़ीकरण के कार्यों की भी जांच की। आयुक्त ने विद्युत विभाग को सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को तुरंत शिफ्ट करने के निर्देश दिए ताकि लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) जल्द से जल्द चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर सके। आयुक्त ने सरस मार्केट, नैनीताल बैंक, मिनी स्टेडियम, नगर निगम कार्यालय और जल संस्थान सहित अन्य स्थलों पर लगाए जा रहे बेलदार पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन पौधों से शहर का सौंदर्यीकरण होगा और हल्द्वानी को अधिक हरा-भरा और आकर्षक बनाया जा सकेगा। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की कि जो लोग अपनी रोड की तरफ बेलदार पौधे लगवाना चाहते हैं, वे नगर निगम कार्यालय से संपर्क करें। नगर निगम द्वारा निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
नैनीताल रोड स्थित पेयजल निगम कार्यालय का निरीक्षण करते समय आयुक्त ने पाया कि चार कर्मचारी अनुपस्थित थे। इस पर उन्होंने कर्मचारियों का वेतन रोकने और मुख्य अभियंता एस.के. विश्वास को स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। साथ ही, बायोमैट्रिक मशीन खराब होने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और इसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यालयों की बायोमैट्रिक मशीनें सही कराएं, अन्यथा संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नैनीताल मुख्य मार्ग पर रेहड़ीवालों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम, पुलिस और तहसील अधिकारियों को नियमित रूप से चेकिंग करने और बिना पंजीकरण या सत्यापन वाले रेहड़ीवालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए बाहरी लोगों का सत्यापन अनिवार्य है और पुलिस विभाग को नियमित रूप से जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

वेलेजली लॉज कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने आयुक्त को सीवर लाइन की खराब स्थिति और खाली प्लॉटों में घास जमा होने की जानकारी दी। इस पर आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को सीवर लाइन ठीक कराने और प्लॉट मालिकों को सूचित कर सफाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नैनीताल पेयजल निगम के निकट नगर निगम का शौचालय बंद पाया गया, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को उस एनजीओ का टेंडर निरस्त करने के निर्देश दिए, जो शौचालय का संचालन कर रहा था। इसके साथ ही, उन्होंने नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा, सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी, उद्यान प्रभारी अर्जुन सिंह परवाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।







