- नवनियुक्त उपाध्यक्ष ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार, संगठन को मजबूती देने का संकल्प
देहरादून/हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में अपनी प्रदेश स्तरीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में नैनीताल जनपद के हल्द्वानी से जुड़े भाजपा कार्यकर्ता इसरार अहमद को प्रदेश उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति संगठन के भीतर उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका का प्रमाण मानी जा रही है। इसरार अहमद पूर्व में पार्टी के विभिन्न पदों का दायित्व संभाल चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ जनसंपर्क में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने से कुमाऊं मंडल सहित पूरे प्रदेश में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नया दायित्व मिलने पर नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार अहमद ने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी और संगठन के हित में वह हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।






