हल्द्वानी। मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अराजक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने मंडी समिति और पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। बैठक हल्द्वानी स्थित कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें कृषि उत्पादन मंडी समिति हल्द्वानी के सचिव सहित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंडी समिति और पुलिस की संयुक्त कमेटी गठित कर मंडी परिसर का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा।
पूरे परिसर में सतत निगरानी के लिए सीसीटीवी ग्रिड विकसित किया जाएगा तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। मंडी गेट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ ही मंडी में कार्यरत सभी मजदूरों और कर्मचारियों का सत्यापन कर उन्हें अलग-अलग पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करते हुए मंडी परिसर की कैंटीन को रात 9 बजे से सुबह 3 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है, जबकि भवनों की छतों और ऊंचाई वाले स्थानों तक जाने वाले रास्तों को भी बंद किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, मंडी समिति के सचिव दिग्विजय सिंह देव और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






