देहरादून। आईएसबीटी देहरादून में नाबालिक बालिका के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना के संदर्भ में एसएसपी देहरादून ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। यह टीम मामले की गहन विवेचना करेगी और आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाने के प्रयास में लगी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, SIT ने दिल्ली से देहरादून तक बस यात्रा, बीच में रुकने वाले ढाबा और अन्य स्थानों के फुटेज एकत्र करने के लिए एक निगरानी टीम नियुक्त की है। इस कदम का उद्देश्य घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करना और मामले की जांच को सक्षम बनाना है।
पुलिस जल्द ही साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए आरोपियों का कस्टडी रिमांड ले सकती है। SIT के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, कि वे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच करें और प्रभावी साक्ष्य एकत्र कर न्यायालय में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करें। एसएसपी देहरादून मामले की प्रतिदिन समीक्षा करेंगे और SIT की प्रगति पर नज़र रखेंगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SIT हर संभव प्रयास करेगी ताकि सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत और प्रभावी साक्ष्य एकत्र किए जा सकें और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

एसआईटी में शामिल अधिकारी
- प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर (SIT प्रभारी)
- अनिल जोशी, क्षेत्राधिकारी सदर
- रीना राठौर, क्षेत्राधिकारी प्रेम नगर
- निरीक्षक कमल कुमार, प्रभारी निरीक्षक पटेल नगर
- निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, प्रभारी SOG नगर
- म०उ०नि० ज्योति कन्याल, थाना पटेल नगर
- म०उ०नि० विनियता चौहान, थाना कैंट
- उ०नि० आशीष कुमार, प्रभारी फील्ड यूनिट









