हल्द्वानी। स्मार्ट मीटर को लेकर देशव्यापी अभियान के तहत हल्द्वानी में भी जागरूकता गतिविधियां तेज हो गई हैं। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजौरा ने बताया कि भारत सरकार के निर्देश पर 9 फरवरी से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को नई तकनीक के प्रति जागरूक करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी देना, कैंप के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना और अधिक से अधिक लोगों को नई प्रणाली से जोड़ना है। विभाग की ओर से जनप्रतिनिधियों और आम जनता से अपील की जा रही है कि वे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और समाधान प्राप्त करें।

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मंडल स्तर पर भी कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है और हल्द्वानी मंडल की प्रमुख कार्यशाला 20 फरवरी को कुमाऊं क्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित होगी। इसमें आम जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया को आमंत्रित किया गया है ताकि स्मार्ट मीटर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जा सके और उपभोक्ताओं को इसके फायदे विस्तार से बताए जा सकें। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के दौरान सामने आने वाली सभी समस्याओं और शंकाओं का समाधान किया जाएगा तथा लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस पहल का लाभ उठाने की अपील की गई है।







