हल्द्वानी। भाजपा जिला नैनीताल की ओर से बुधवार को हल्द्वानी विधानसभा स्तर पर ‘आत्मनिर्भर भारत व स्वदेशी संकल्प अभियान गोष्ठी’ का आयोजन भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री रेखा आर्या रहीं। दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम गान के साथ गोष्ठी का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन भुवन जोशी, जिला सह संयोजक, आत्मनिर्भर भारत व स्वदेशी संकल्प अभियान ने किया। अपने संबोधन में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है “आत्मनिर्भर भारत अभियान”, जो केवल एक नीति नहीं, बल्कि भारत को स्वावलंबी और विश्वस्तरीय अर्थव्यवस्था बनाने का व्यापक दृष्टिकोण है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं, जिससे देश आर्थिक रूप से सशक्त बने। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत ही नए भारत का विजन है, जिसका उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम कर देश को स्वावलंबी बनाना है। गोष्ठी में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मंत्री रेखा आर्या के आह्वान पर स्वदेशी संकल्प लिया और यह निर्णय किया कि वे भारतीय उत्पादों का उपयोग बढ़ाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत की ओर अग्रसर है। स्वदेशी को प्रोत्साहन देने से गांव से लेकर शहर तक के कुटीर उद्योग आत्मनिर्भर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के नारे के साथ भारत आज वैश्विक निर्यात शक्ति के रूप में उभर रहा है और भाजपा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जनांदोलन में बदलने के लिए कार्यरत है।






