- संपत्ति विवाद और प्रेम-प्रसंग बना खौफनाक हत्या की वजह, शव को कोटद्वार में जंगल में फेंका गया था
पौड़ी। जनपद पौड़ी के दुगड्डा क्षेत्र में 5 जून को सड़क किनारे जंगल में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पौड़ी पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक की हत्या उसकी दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी। कोटद्वार पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में एक सटीक रणनीति के तहत मामले का पर्दाफाश कर दोनों आरोपियों को बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। शव की पहचान रविन्द्र कुमार निवासी वसंत कुंज, नई दिल्ली के रूप में हुई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर जब जांच शुरू की गई तो मामला हत्या का निकला। रविन्द्र कुमार की दूसरी पत्नी रीना सिंधु और उसके प्रेमी पारितोष ने मिलकर संपत्ति विवाद और अवैध संबंधों के चलते इस हत्या की योजना बनाई थी। आरोपी रीना ने पूछताछ में बताया कि पति मकान बेचना चाहता था जबकि वह इसके खिलाफ थी।
इस बीच उसका फिजियोथेरेपी सेंटर में आने वाले पारितोष से प्रेम संबंध बन गया और दोनों ने रविन्द्र को रास्ते से हटाने का फैसला किया। 31 मई को रीना ने रविन्द्र को नगीना बुलाया जहां उसे शराब पिलाकर फावड़े से गले और छाती पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को गाड़ी में रखकर रामनगर ले गए लेकिन मौका न मिलने पर कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र में फेंक दिया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ कोटद्वार थाने में बीएनएस की धारा 103(1), 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में तत्परता से काम करने वाली पुलिस टीम को सराहना दी है, जिसमें निरीक्षक उमेश कुमार, उपनिरीक्षक राजविक्रम सिंह, महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट समेत साइबर और सीआईयू टीम के सदस्य शामिल रहे।






