हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड सरकार में राज्य स्तरीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष तथा संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक सुरेश भट्ट ने कहा कि संघ ने पिछले एक शताब्दी में देशभक्ति और चरित्र निर्माण के माध्यम से समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना विजयदशमी के दिन 100 वर्ष पूर्व हुई थी, और आज यह संगठन देश में राष्ट्रनिर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बन चुका है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे स्वयं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक हैं और लंबे समय तक प्रचारक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।
भट्ट ने कहा कि संघ ने हमेशा व्यक्ति निर्माण से समाज परिवर्तन और समाज परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में काम किया है। आज संघ से प्रशिक्षित अनेक स्वयंसेवक देश और दुनिया में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने राष्ट्र को एकजुट करने और नागरिकों में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा की भावना जगाने का जो कार्य प्रारंभ किया था, वही आज भी निरंतर जारी है। सुरेश भट्ट ने विश्वास जताया कि संघ अपने निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में इसी समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ता रहेगा।






