- रामनगर-हल्द्वानी पुल से नगर पालिका क्षेत्र तक सड़कों का किया स्थलीय निरीक्षण
- गुणवत्ता और समयसीमा पर अधिकारियों को चेताया
रामनगर। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को रामनगर में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। रामनगर-हल्द्वानी नए पुल से शहीद भगत सिंह चौक होते हुए नगर पालिका क्षेत्र तक निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और जल निकासी समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत और सुधार कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सड़कें दोबारा जल्द खराब न हों।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों पर गड्ढे अथवा आवागमन में बाधा पैदा करने वाली कोई स्थिति नहीं रहनी चाहिए। संबंधित विभाग नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करें और आवश्यकता सामने आने पर तत्काल मरम्मत व सुधार कार्य कराएं। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सीधे आमजन से जुड़ा विषय है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तय समयसीमा के भीतर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोपाल सिंह चौहान समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
