हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम सभागार में शुक्रवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में यूयूएसडीए द्वारा स्वीकृत सड़क, पेयजल और सीवर पाइपलाइन से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में चल रहे कार्यों और स्थानीय समस्याओं से महापौर को अवगत कराया, जिस पर विस्तृत चर्चा करते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने यूयूएसडीए के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी बरसात से पहले सभी खुदी हुई सड़कों, पेयजल लाइन और सीवर से संबंधित कार्यों को हर हाल में पूरा किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में सड़क खुदाई या अन्य कार्य प्रस्तावित हैं, वहां सुरक्षा और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए दो से तीन दिन पहले अनाउंसमेंट कर स्थानीय लोगों को जानकारी दी जाए और उचित साइन बोर्ड भी लगाए जाएं।

महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक पुरानी खुदी हुई सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक नई सड़कों को खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक के दौरान पार्षदों ने शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराईं, जिस पर महापौर ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा को 15 दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल, एई नवल नौटियाल, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप कुमार, एई दीनदयाल पांडे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्षद बबली वर्मा, तनुजा जोशी, विद्या देवी, नीमा भट्ट, राजेश पंत, रुक्मणी बिष्ट, धर्मवीर, रईस अहमद, नवीन चंद्र जोशी, चंद्रप्रकाश, संजय पांडे, रेखा बेनीवाल, नेहा अधिकारी, ज्योति पांडे, मुकुल बल्यूटिया और अमित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।












