हल्द्वानी। नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही किताबों और ड्रेस की खरीद को लेकर अभिभावकों में अक्सर तनाव बना रहता है। बुक सेलर्स और यूनिफॉर्म दुकानों पर भीड़ और जल्द खरीदने का दबाव आम बात है। लेकिन इस बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने अभिभावकों को बड़ी राहत दी है। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और निजी विद्यालयों के प्रबंधकों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि छात्रों की किताबें और ड्रेस खरीदने के लिए 20 अप्रैल तक का समय दिया जाएगा। इस दौरान किसी भी विद्यालय द्वारा जल्दबाजी में किताबें और ड्रेस खरीदने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि इस फैसले का उद्देश्य दुकानों में अनावश्यक भीड़ को कम करना और अभिभावकों को तनाव मुक्त रखना है। शहर के कई निजी विद्यालयों ने भी अभिभावकों को सूचित कर दिया है कि वे निर्धारित समय तक सामग्री खरीद सकते हैं। अगर किसी विद्यालय द्वारा दबाव बनाया जाता है या फीस, पुस्तकों या ट्रांसपोर्टेशन से जुड़ी कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो अभिभावक गोपनीय रूप से अपनी शिकायतें शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए ईमेल आईडी ceonainital11@gmail.com, rmsanaini@gmail.com पर भेज सकते हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बेवजह परेशान न हों और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही सामग्री की खरीदारी करें।














