
हल्द्वानी। हल्द्वानी के बुधपार्क में आज महिला कांग्रेस द्वारा लालकुआं दुग्ध संघ में कार्यरत महिला के साथ दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता और दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी का पुतला फूंकते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेता की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली पार्टी में आज बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस लगातार विरोध करेगी। महिला कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है।