देहरादून। राजधानी दून में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने बिंदाल क्षेत्र में स्थित एक मकान पर छापा मारकर घर के अंदर चल रहे देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर गठित टीम ने 16 मार्च की रात गांधी नगर स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में आकस्मिक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर के भीतर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जहां से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने मौके से मकान संचालित कर रही महिला रानी देवी, उसके सहयोगी आशीष कुमार पांडे और फुलो खान को गिरफ्तार किया, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला रानी देवी अपने सहयोगी आशीष के साथ मिलकर इस धंधे को संचालित कर रही थी। वह बाहरी राज्यों से महिलाओं को काम दिलाने के बहाने देहरादून बुलाती थी और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी। ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं, जिसके बाद फोन पर रेट और मिलने का स्थान तय किया जाता था। इसके बाद आशीष महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले मोटा कमीशन लेता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इस मामले में कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







