
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन रोमियो’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिलेभर में सघन चेकिंग कर महिलाओं से छेड़छाड़, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 फरवरी को एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, थाना प्रभारी हल्द्वानी राजेश यादव और काठगोदाम थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन, ठंडी सड़क, हैड़ाखान, नारीमन सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान 250 से अधिक संदिग्ध लोगों की जांच की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने, बिना कारण बाइक से स्टंट करने और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले 11 व्यक्तियों पर धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹5500 का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि ऐसी हरकतों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में दोबारा गलती करने वालों पर और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।