- पुलिस ने 6 युवकों को अवैध तमंचों और कारतूस के साथ किया गिरफ्तार
रामनगर। पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले छह युवकों को गिरफ्तार कर उनके इरादों पर पानी फेर दिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस के उस सघन अभियान का हिस्सा है, जो क्षेत्र में भय और दबंगई का माहौल बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा है। पुलिस ने इन युवकों के पास से छह अवैध तमंचे और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध हथियारों का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, प्रकाश चंद्र, और क्षेत्राधिकारी रामनगर, भूपेंद्र सिंह भंडारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर, अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6-7 दिसंबर की रात को सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर इलाके में अपनी दबंग छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में से एक, योगेश सागर उर्फ मंकू, पर पहले भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे हथियारों का भय दिखाकर अपने क्षेत्र में खौफ का माहौल बनाना चाहते थे। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। साथ ही, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने न सिर्फ अवैध हथियार बरामद किए, बल्कि अपराधियों की मंशा को भी नाकाम कर दिया।






