देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल से एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बुधवार को बाला सुंदरी मंदिर प्रेमनगर के पास जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना प्रेसनगर थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां जंगल के अंदर एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला।

आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। मौके पर फोरेंसिक की टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने महिला की शिनाख्त और घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतका की पहचान और घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।







