- नामांकन के दौरान रैलियों से अराजकता और जाम का आरोप
- वीडियो फुटेज से चिन्हित किए जा रहे आरोपी
- संभावित उपद्रवियों पर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान कथित हुड़दंग और अराजकता को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस के अनुसार कुछ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने विधिसम्मत आदेशों का उल्लंघन करते हुए रैलियां निकालीं, जिससे कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में जाम और कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हुई। मामले में कई लोगों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने नामांकन के दौरान सामने आए घटनाक्रम के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों को जांच का आधार बनाया है। पुलिस के अनुसार सदोष अवरोध, बलवा, लोक सेवक के विधिसम्मत आदेशों के उल्लंघन तथा लापरवाही और उपेक्षापूर्वक वाहन चलाने जैसी धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक नामांकन रैलियों के दौरान बिना अनुमति बड़े वाहनों के इस्तेमाल की शिकायतों और साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। आगामी चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संभावित उपद्रवियों की सूची भी तैयार की है। पुलिस के अनुसार ऐसे लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि कॉलेज परिसर में हिंसक गतिविधियों और अराजकता को रोका जा सके। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
