हरिद्वार। हरिद्वार में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के प्रयास में, कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें 12 चोरी की मोटरसाइकिलों को बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को नया पुल इलाके में चेकिंग के दौरान, रुड़की चेकिंग टीम ने बिना नंबर प्लेट वाली एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्धों को रोका। पूछताछ में संदेह गहराने पर, जब वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल थाना कलियर में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित है। आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ एप्पल और जुबैर उर्फ लक्की के रूप में हुई, जिनके पास से आगे की पूछताछ के बाद आम के बाग में छुपाई गई 11 और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद मोटरसाइकिलों में से एक के संबंध में कोतवाली नगर हरिद्वार में भी चोरी का मामला पंजीकृत है। बाकी वाहनों की चोरी के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। दोनों आरोपियों ने हरिद्वार और सहारनपुर क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। इनके खिलाफ कोतवाली गंगनहर में धारा 317(5), 317(2) BNS, और 35/106 BNSS के तहत मामला दर्ज किया गया है, और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गंगनहर एश्वर्यपाल, व0उ0नि0 प्रदीप कुमार, उप निरीक्षक अशोक सिरस्वाल, प्रभारी चौकी अस्पताल, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, हेड कांस्टेबल इसरार अली, व कांस्टेबल रणवीर शामिल रहे।






