देहरादून। पैसों के लेन-देन के विवाद में हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने तीन मुख्य हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित आईएसबीटी के पास से दबोचा, जिनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, हथौड़ा और मृतक के जूते बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को बसंत विहार निवासी संतराम धीमान ने अपने पुत्र दिगंबर धीमान के लापता होने की सूचना दी थी। जांच के दौरान पता चला कि 9 फरवरी की रात दिगंबर अपने कुछ साथियों के साथ टैक्सी में गया था। संदिग्ध टैक्सी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि आरोपियों ने एक व्यक्ति के शव को कंबल में लपेटकर चिडियापुर के जंगलों में फेंका था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों का मृतक से ढाई लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। कोर्ट से लौटने के बाद आरोपियों ने उसे रेसकोर्स स्थित कमरे में बुलाकर साथ बैठकर नशा किया और पैसे वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड, हथौड़े और पेंचकस से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए टैक्सी चालक की मदद से चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर रेत में दबा दिया गया और रास्ते में सबूत भी ठिकाने लगा दिए गए। पुलिस ने लगातार दबिश और सर्विलांस के जरिए हेमंत सेमवाल, आदिल और वैभव भट्ट उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।







