30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई

  • धारी तहसील में तैनात पटवारी पर भूमि की नाप-जोख के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, शिकायत के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई

हल्द्वानी। नैनीताल जिले की धारी तहसील में तैनात पटवारी को विजिलेंस टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कथित तौर पर रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने भूमि की नाप-जोख के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार धारी तहसील में तैनात पटवारी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा, निवासी उनकोट, धारी, नैनीताल, वर्तमान में हल्द्वानी के बिठोरिया नंबर एक क्षेत्र में रह रहा था। शिकायतकर्ता की मजीदा गांव, तहसील धारी स्थित भूमि की नाप-जोख के एवज में उससे रकम मांगे जाने की शिकायत की गई थी।

शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर प्राप्त होने के बाद जांच की गई। शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। विजिलेंस टीम ने 26 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता विभाग की कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Read more

Local News