हल्द्वानी। शहर के बेस अस्पताल के समीप मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि तेज रफ्तार बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान रिक्शा चालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:25 बजे बेस अस्पताल के पास एक पल्सर बाइक (नंबर UK 04 AN 5778) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार भी हादसे में घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना देर किए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

घायल रिक्शा चालक की पहचान नरेश सिंह (25) पुत्र हरीश सिंह, निवासी लाल डांठ हल्द्वानी के रूप में हुई। उन्हें पहले बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार सूरज बिष्ट (25) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट, निवासी गजर थाना मुक्तेश्वर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार न होने पर उसे भी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और रिक्शा को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा कर दिया है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







