- DM के निर्देश पर चलाए गए अभियान में उजागर हुई अनियमितताएं, अपात्रों पर होगी सख्त कार्रवाई
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में राशन कार्ड सत्यापन अभियान के तहत घर-घर जाकर की गई जांच में अनियमितता सामने आई है। वार्ड संख्या 21 और 22 में अब तक कुल 30 राशन कार्डों की जांच में 5 कार्ड अपात्र पाए गए हैं। यह कार्यवाही जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर शुरू की गई है, जिसमें पूर्ति विभाग और राजस्व विभाग की टीम लगातार सक्रिय है। सत्यापन कार्य में राजस्व उप निरीक्षक अरुण देवरानी, पूर्ति निरीक्षक सुबोध त्रिपाठी और ललित मेर द्वारा जांच की जा रही है।
पूर्ति अधिकारी दिव्या ने जानकारी दी कि अभियान लगातार जारी रहेगा और अपात्र पाए जाने वालों के कार्ड रद्द करने की संस्तुति की जाएगी। एसडीएम राहुल शाह ने कहा कि क्षेत्र में लेखपालों और पूर्ति विभाग की मदद से गहन जांच की जा रही है। जो भी व्यक्ति अपात्र श्रेणी में आएंगे, उनके राशन कार्ड की वैधता समाप्त कर सुविधाएं निरस्त कर दी जाएंगी। प्रशासन की इस सख्त कार्यवाही से अपात्र लाभार्थियों पर लगाम लगाने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।