
हल्द्वानी। समाजसेवी संस्था रवि रोटी बैंक ने रामनवमी के अवसर पर एक नई शुरुआत की है। अब रवि रोटी बैंक द्वारा 1 रूपये में चाय उपलब्ध कराई जाएगी। रवि रोटी बैंक हर दिन सवेरे 8 बजे से 12 बजे तक और शाम 5 बजे से 8 बजे तक शहर वासियों को मात्र 1 रूपये में चाय उपलब्ध कराएगा। बता दें कि रवि रोटी बैंक द्वारा 15 अक्टूबर सन 2018 से नियमित रूप से गरीब, बेघर, बुजुर्ग, अनाथ, विकलांग, मजदूर लोगों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। रवि रोटी बैंक रोज दोपहर 12 से 2 बजे तक सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल के बाहर फूड वैन लगाकर 5 रूपए में भोजन उपलब्ध कराते हैं।


इसके अलावा रवि रोटी बैंक द्वारा रोज रात 8 बजे से 10 बजे तक बस स्टेशन हल्द्वानी पर निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। अब एक नई पहल करते हैं रवि रोटी बैंक ने तय किया है, कि दोपहर 2 बजे से 8 बजे तक डीके पार्क हल्द्वानी में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे शहर के गरीब, असहाय, दिहाड़ी मजदूर, कामगार श्रमिको को लाभ होगा। रवि रोटी बैंक हल्द्वानी वर्तमान में डीके पार्क हल्द्वानी से संचालित किया जाता है। नगर निगम हल्द्वानी द्वारा रवि रोटी बैंक को रखरखाव और भोजन वितरण कार्य हेतु डीके पार्क 2 साल के लिए गोद दिया गया है। रवि रोटी बैंक की टीम में 40 सदस्य सक्रिय हैं, जिनके सहयोग से यह सेवा कार्य हो रहे हैं। इसके अलावा शहर और देश के विभिन्न हिस्सों से लोग रवि रोटी बैंक को सहयोग कर रहे हैं।