हल्द्वानी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने विशेष सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है। आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए इस अभियान के पहले दिन कालू सिद्ध मंदिर से मुखानी चौराहे तक और कालू सिद्ध मंदिर से बॉम्बे क्रॉकरी तक व्यापक सफाई कार्य किया गया, जिसमें नालियों की तलीझाड़ और गंदगी हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया गया। इस महाअभियान का नेतृत्व नगर निगम महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया, जबकि नगर आयुक्त ऋचा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल, लेखाकार गणेश भट्ट सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान क्षेत्र में सफाई को लेकर जागरूकता भी फैलाई और आम नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की। 15 अप्रैल से 15 मई 2025 तक चलने वाला यह विशेष सफाई अभियान शहर के हर वार्ड और प्रमुख क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसका मकसद न केवल साफ-सफाई को सुनिश्चित करना है बल्कि हल्द्वानी को राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचाना भी है। नगर निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और स्वच्छ हल्द्वानी के निर्माण में अपना योगदान दें।







