हल्द्वानी। 26 व 27 सितंबर को हल्द्वानी के आम्रपाली ग्रुप ऑफ इंस्टीटयूट में पोषण पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। केंद्रीय संचार ब्यूरो नैनीताल के भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी राजेश सिन्हा ने कहा कि पोषण अभियान कुपोषण की चुनौती का मुकाबला करने के लिए मिशन मोड में कार्य करता है। 15वें वित्त आयोग की अवधि 2021- 22 से 2026- 27 तक एकीकृत पोषण सहायता कार्यक्रम शुरू करने के लिए मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2 के अंतर्गत पोषण अभियान, आंगनवाड़ी सेवा योजना और किशोरियों के लिए योजना को जोड़ा गया था।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय सितंबर 2023 में छठा राष्ट्रीय पोषण माह मना रहा है। इसका उद्देश्य मिशन पोषण 2.0 के आधार, जीवन-चक्र दृष्टिकोण के माध्यम से कुपोषण से व्यापक रूप से निपटना है। स्वस्थ बालक स्पर्धा जैसी गतिविधियों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा किया जा रहा है। अन्य अभियान जैसे पोषण भी पढ़ाई भी, (पोषण के साथ-साथ शिक्षा), मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) के माध्यम से पोषण में सुधार का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त, पोषण माह के तहत जन आंदोलन मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत इसे एकजुट उत्सव के रुप में मनाया जा रहा है। समग्र पोषण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हल्द्वानी के आम्रपाली ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के होटल मैनेजमेंट संकाय के परिसर में 26 व 27 सितम्बर 23 को पोषण का यह जन जागरूकता कार्यक्रम मनाया जा रहा है।






